
चायल (कौशांबी)।
प्रयागराज जनपद के धूमनगंज थाना क्षेत्र की शकुंतला कुंज कॉलोनी में बीते गुरुवार रात वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मी नारायण सिंह उर्फ पप्पू (48) की चाकुओं से गोदकर की गई निर्मम हत्या ने पूरे पत्रकार समाज को हिलाकर रख दिया है। यह केवल एक पत्रकार की हत्या नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला है — और अब पत्रकारों ने चुप न रहने का ऐलान कर दिया है। सोमवार को चायल प्रेस क्लब के पत्रकारों ने भारी आक्रोश जताते हुए उपजिलाधिकारी चायल के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि जब तक पत्रकार हत्यारों को सख़्त से सख़्त सज़ा नहीं दी जाती, तब तक यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है। पत्रकारों ने सरकार से मांग किया कि मृतक पत्रकार के परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए और परिवार की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित की जाए परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए ताकि बच्चों की शिक्षा और भविष्य सुरक्षित रह सके।
हत्या की सीबीआई जांच कराई जाए — क्योंकि प्रदेश पुलिस की जांच पर पत्रकार समाज को भरोसा नहीं है। प्रदेश में तत्काल पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किया जाए ताकि ऐसे जघन्य अपराध दोबारा न हों।
