भरवारी के वार्ड 11 चक चमरूपुर में अधूरे विकास कार्य बने परेशानी का सबब पानी की पाइप लाइन और नाली निर्माण अधूरा, नगर पालिका प्रशासन पर उठ रहे सवाल

कौशांबी। थाना कोखराज क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नगर पालिका परिषद भरवारी के वार्ड नंबर 11, चक चमरूपुर में अधूरे पड़े जलनिकासी और पेयजल आपूर्ति के कार्य से स्थानीय निवासियों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पानी की पाइप लाइन और नाली निर्माण का कार्य लंबे समय से अधर में लटका हुआ है, जिससे क्षेत्र के लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि पाइप लाइन डालने का कार्य करीब कई महीने पहले शुरू किया गया, लेकिन ना तो उसे पूरा किया गया और ना ही किसी जिम्मेदार अधिकारी ने क्षेत्र में आकर निरीक्षण किया। कई जगह पाइप खुले पड़े हैं और कुछ स्थानों पर खुदाई के बाद गड्ढे भी वैसे ही छोड़ दिए गए हैं, जो हादसे को न्यौता दे रहे हैं।

वहीं, नाली निर्माण अधूरा होने के कारण गंदा पानी गलियों में बह रहा है। जगह-जगह जलभराव और कीचड़ जमा हो चुका है, जिससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का निकलना दूभर हो गया है। बारिश के मौसम में यह स्थिति और भयावह हो जाती है।

ग्रामीणों का आरोप है कि नगर पालिका प्रशासन की घोर लापरवाही के कारण इस क्षेत्र की उपेक्षा हो रही है। वार्ड के विकास कार्य केवल कागजों पर पूरे दिखाए जा रहे हैं, जबकि जमीन पर हकीकत कुछ और ही है।

निवासियों ने जिलाधिकारी और नगर पालिका के उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई है कि वे चक चमरूपुर का स्थलीय निरीक्षण कर अधूरे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराएं, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

अब देखना यह है कि प्रशासन कब तक जागता है और कब चक चमरूपुर के लोग बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी इस समस्या से निजात पा सकेंगे।

Kaushambi Sandesh
Author: Kaushambi Sandesh

Contact number 7394947972

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें