
सड़क पर डंप की गई बालू और गिट्टी से राहगीर हो रहे परेशान, बढ़ा हादसों का खतरा
कौशांबी। थाना कोखराज क्षेत्र से लेकर एक्का अड्डा बाजार तक की सर्विस रोड इन दिनों बालू और गिट्टी के ढेरों से पटी पड़ी है, जिससे आम जनता को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बालू माफिया अवैध तरीके से सरकारी सर्विस रोड पर डंपिंग कर रहे हैं, जिससे राहगीरों के साथ-साथ वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
बालू और गिट्टी की बेतरतीब ढेरों के कारण रोड पर फिसलन की स्थिति बन जाती है। कई दुपहिया वाहन सवार फिसल कर घायल हो चुके हैं, और हर दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं। क्षेत्रीय निवासियों का कहना है कि यह मार्ग व्यापारिक और आम यातायात का मुख्य रास्ता है, लेकिन अवैध कब्जे और माफियाओं की मनमानी ने इसे जानलेवा बना दिया है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासनिक लापरवाही और जिम्मेदार विभागों की चुप्पी के कारण बालू माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
ग्रामीणों और राहगीरों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक कौशांबी से मांग की है कि तत्काल इस अवैध डंपिंग को हटवाया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि जनहित में रोड की सामान्य स्थिति बहाल हो सके।
Author: Kaushambi Sandesh
Contact number 7394947972
