
कौशाम्बी। जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी सत्यनारायण ने आज पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर पहुंचे।
SP सत्यनारायण ने एक-एक फरियादी की शिकायत को ध्यानपूर्वक सुना। जमीन विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी, गुमशुदगी और अन्य पुलिसिया मामलों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। SP ने फरियादियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्या को गंभीरता से लिया जाएगा और पीड़ित को न्याय मिलेगा।
जनसुनवाई के दौरान SP ने सभी शिकायतों को रजिस्टर में दर्ज कराया और संबंधित थाना प्रभारियों व क्षेत्राधिकारी को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हर शिकायत का त्वरित, विधिवत और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण होना चाहिए। पीड़ित से दुर्व्यवहार या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
SP ने अफसरों को निर्देश दिए कि फरियादी की समस्या को उसकी समस्या मानकर 24 घंटे के अंदर कार्रवाई शुरू की जाए। लंबित विवेचनाओं को प्राथमिकता से निपटाने और पीड़ित को समय-समय पर अपडेट देने के लिए भी कहा गया।
SP सत्यनारायण ने कहा कि पुलिस का काम जनता की सेवा और सुरक्षा है। जनसुनवाई का मकसद ही यही है कि आम आदमी बिना डर के अपनी बात सीधे अधिकारी तक पहुंचा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी समस्या के लिए सीधे पुलिस कार्यालय आ सकते हैं। हर मंगलवार को जनसुनवाई होती है।