
कौशांबी : महेवा थाना क्षेत्र में इन दिनों ओवरलोड खदान वाहनों को लेकर हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय सूत्रों और ग्रामीणों के अनुसार महेवा के खदानों से निकलने वाले ट्रक-डंपर ओवरलोड होकर दौड़ रहे हैं, जिससे सड़कों पर दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि ओवरलोड वाहन न सिर्फ सड़कें खराब कर रहे हैं, बल्कि तेज रफ्तार और क्षमता से अधिक वजन के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। लोगों का सवाल है कि अगर कोई हादसा होता है तो उसकी जिम्मेदारी किसकी तय होगी – स्थानीय थाना या शासन-प्रशासन?
मोटर वाहन अधिनियम के अनुसार तय सीमा से अधिक वजन ले जाना गैर-कानूनी है। ओवरलोडिंग से ब्रेक फेल, टायर फटने और सड़क धंसने जैसी घटनाएं आम हो जाती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि खदान मार्गों पर चेकिंग बढ़ाई जाए और ओवरलोड वाहनों पर कड़ी कार्रवाई हो।
महेवा थाना पुलिस का कहना है कि ओवरलोडिंग की शिकायतें संज्ञान में ली गई हैं। चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और नियम तोड़ने वाले वाहनों के खिलाफ MV एक्ट के तहत चालान/सीज की कार्रवाई की जा रही है। परिवहन विभाग और खन विभाग के साथ समन्वय कर संयुक्त चेकिंग की तैयारी है।