
कौशांबी, कानून को ठेंगा दिखाने का सनसनीखेज मामला कोखराज थाना क्षेत्र के चक चमरूपुर गांव से सामने आया है। जहाँ एक तरफ जमीन का मुकदमा माननीय न्यायालय में लंबित है, वहीं दूसरी तरफ लेखपाल और कानूनगो ने कोखराज पुलिस को ढाल बनाकर उसी विवादित जमीन की नाप कर डाली।
नाप-जोख के दौरान दबंग अशर्फीलाल यादव का रौद्र रूप देखने को मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह पुलिस वालों के सामने ही हिस्सेदारों को गालियां देता रहा और खुलेआम धमकाते हुए बोला, *”आज जो बोला पुलिस वालों से कहकर लाठी मरवाऊंगा और जेल भिजवा दूंगा।”* वर्दी का खौफ दिखाकर जमीन हड़पने की यह धमकी पूरे गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब जमीन का मामला कोर्ट में विचाराधीन है, तो किसके आदेश पर राजस्व टीम पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंची? क्या यह सीधे-सीधे कोर्ट की अवमानना नहीं है? ग्रामीणों का आरोप है कि अशर्फीलाल यादव ने पुलिस और लेखपाल से सेटिंग कर न्यायालय के आदेशों को रौंद दिया।
पीड़ित हिस्सेदारों ने आरोप लगाया कि यह सब पुलिस-प्रशासन की मिलीभगत से हो रहा है। एक तरफ सरकार न्याय दिलाने की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ थाने की पुलिस दबंगों के साथ खड़ी दिख रही है। इस घटना से चक चमरूपुर में भारी तनाव है। ग्रामीणों ने DM और SP से पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी लेखपाल, कानूनगो और पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले में कोखराज थाना प्रभारी और तहसील अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अब देखना यह है कि कोर्ट की अवहेलना और खुली गुंडागर्दी के इस मामले में प्रशासन क्या एक्शन लेता है, या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।
📍 *गांव चक चमरूपुर, थाना कोखराज, कौशांबी*
