
कौशाम्बी जनपद कौशाम्बी के थाना कोखराज क्षेत्र अंतर्गत तहसील सिराथू के गांव कासिया पश्चिम में एक महिला अपनी ही बैनामा की जमीन को बचाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगा रही है। पीड़िता तारा देवी पाल पत्नी छोटे लाल पाल का कहना है कि उनके पति भारतीय सेना में बॉर्डर पर देश की सुरक्षा में तैनात हैं, जबकि इधर गांव में उनकी जमीन पर अवैध कब्जा कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़िता के अनुसार उनकी जमीन विधिवत बैनामा होकर खतौनी में उनके नाम दर्ज है, इसके बावजूद लेखपाल पर आरोप है कि वह कथित रूप से मोटी रकम लेकर जबरन जमीन पर कब्जा कराने का प्रयास कर रहा है। महिला का कहना है कि लेखपाल की इस भूमिका से वह भयभीत और परेशान है।
पीड़िता ने इस मामले की शिकायत उपजिलाधिकारी सिराथू से की थी, जिस पर उपजिलाधिकारी द्वारा थाना कोखराज के प्रभारी को मौके पर जाकर जांच करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे। आरोप है कि इसके बाद संबंधित लेखपाल ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और मामले से बचने का प्रयास किया।महिला का कहना है कि वह लगातार अधिकारियों के चक्कर काट रही है, लेकिन अभी तक उसे न्याय नहीं मिल पाया है। पीड़िता ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी लेखपाल व अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि उसकी जमीन सुरक्षित रह सके और उसे न्याय मिल सके।
