
कौशाम्बी संदेश अमित कुशवाहा
कौशाम्बी में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज दिनांक 16 जनवरी 2026 को थाना कोखराज क्षेत्र के अंतर्गत एक हृदयविदारक सड़क हादसे में वरिष्ठ अधिवक्ता की इलाज के दौरान मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार के.पी.एस. स्कूल के पास स्थित पेट्रोल पंप से अधिवक्ता सुभाष चंद्र कुशवाहा अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाकर जैसे ही अपने घर सिंघिया भरवारी को निकले, तभी तेज रफ्तार एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। हादसे में शामिल कार का नंबर UP70 GC 0830 बताया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल अधिवक्ता को तत्काल जिला अस्पताल मंझनपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिवक्ता की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्यवाही प्रारंभ कर दी है। दुर्घटना करने वाली कार के संबंध में जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिवक्ता सुभाष चंद्र कुशवाहा के असमय निधन से न सिर्फ परिवार बल्कि अधिवक्ता समाज को भी गहरा आघात पहुंचा है।



