
कौशांबी संदेश जिला आर्य शुक्ला
कौशाम्बी। कड़ा ब्लाक के सौरई बुजुर्ग ग्राम सभा में विकास कार्यों की पोल खुलती नजर आ रही है। गांव में बनी नालियों के चोक हो जाने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि लगभग पूरी ग्राम सभा में गंदगी फैली हुई है और संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद नालियों की नियमित सफाई नहीं कराई जाती, जिससे बारिश के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। गंदा पानी सड़कों पर बहने से आवागमन प्रभावित हो रहा है, वहीं मच्छरों और बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
इसी ग्राम सभा के अंतर्गत बने मानसरोवर तालाब में भी बड़े पैमाने पर घोटाले का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब की न तो सही ढंग से साफ-सफाई कराई जाती है और न ही रखरखाव पर ध्यान दिया जा रहा है। तालाब तक जाने वाले खड़ंजे में दोयम दर्जे की ईंटों का प्रयोग किया गया है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि करोड़ों रुपये की लागत से बने मानसरोवर तालाब में ग्राम प्रधान और सचिव की मिलीभगत से बंदरबांट की गई है। यही नहीं, राम सागर मोहल्ले में बनी पुलिया भी पहली ही बारिश में ध्वस्त हो गई, जिससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।इस संबंध में जब खंड विकास अधिकारी कड़ा से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि सौरई बुजुर्ग ग्राम सभा से लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि गांव को गंदगी और भ्रष्टाचार से निजात मिल सके।
