
कौशाम्बी संदेश संवाददाता
कौशांबी जनपद कौशांबी में गांजा माफियाओं का नेटवर्क लगातार फैलता जा रहा है। जिले के विभिन्न इलाकों में अवैध रूप से गांजे की बिक्री किए जाने की चर्चाएं आम हो गई हैं, जिससे आमजन खासकर युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में आता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाजारों, गलियों और कुछ दुकानों की आड़ में खुलेआम गांजा बेचा जा रहा है। सुबह से शाम तक नशेड़ियों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे सामाजिक माहौल खराब हो रहा है और आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि इस अवैध कारोबार के चलते युवा पीढ़ी को नशे के आगोश में धकेला जा रहा है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर ठोस कदम नजर नहीं आ रहे हैं। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि आखिर किसके संरक्षण में यह गोरखधंधा फल-फूल रहा है?
स्थानीय जनता ने पुलिस और आबकारी विभाग की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं और जिला प्रशासन से मांग की है कि गांजा माफियाओं के खिलाफ सख्त अभियान चलाकर जिले को नशा मुक्त बनाया जाए।
