
कौशाम्बी संदेश
कौशाम्बी। सोमनाथ मंदिर के पुनरोद्धार के एक हजार वर्ष पूर्ण होने के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर देशभर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद कौशाम्बी की तीनों विधानसभाओं में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा शिवालयों में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने किया। उन्होंने चरवा एवं मंझनपुर स्थित शिव मंदिरों में पूजा-अर्चना के उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज से ठीक एक हजार वर्ष पूर्व जनवरी 1026 में सोमनाथ मंदिर पर इतिहास का पहला आक्रमण हुआ था, लेकिन तमाम आक्रमणों के बावजूद सोमनाथ की आस्था, गौरव और सांस्कृतिक चेतना को कोई समाप्त नहीं कर सका।
जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया जा रहा है, जो हमें यह स्मरण कराता है कि पवित्र स्थलों पर आक्रमण हो सकते हैं, परंतु उनकी आत्मा, आस्था और महत्त्व को कभी नष्ट नहीं किया जा सकता। साहस, एकता और धर्मबल से उनका पुनर्निर्माण कर उनकी महिमा को पुनः स्थापित किया जा सकता है।
उन्होंने सोमनाथ मंदिर से जुड़ी पौराणिक कथा का उल्लेख करते हुए बताया कि यह मंदिर चंद्रदेव (सोम) और राजा दक्ष के श्राप से जुड़ा है। चंद्रदेव ने अपनी क्षीण होती कांति से व्यथित होकर भगवान शिव की घोर तपस्या की थी, जिसके फलस्वरूप वे श्राप से मुक्त हुए और भगवान शिव ने यहीं अपने प्रथम ज्योतिर्लिंग के रूप में प्रतिष्ठा पाई। इसी कारण यह मंदिर सोमनाथ कहलाया और भारत के प्रथम ज्योतिर्लिंग के रूप में पूजनीय है, जो अनेक बार विनाश और पुनर्निर्माण का साक्षी रहा है।
जनपद की तीनों विधानसभाओं में कार्यक्रम इस प्रकार संपन्न हुए—
विधानसभा सिराथू के ग्राम पंचायत देवखरपुर में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि लवकुश मौर्य के नेतृत्व में,
विधानसभा मंझनपुर के दुर्गा मंदिर प्रांगण स्थित प्राचीन शिव मंदिर में नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज ‘फौजी’ की उपस्थिति में,
विधानसभा चायल के नगर पंचायत चरवा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में जिला उपाध्यक्ष चक्रेश मिश्रा की अगुवाई में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री संजय जायसवाल, जिला मंत्री प्रदीप कुमार ‘शीलू’ पाण्डेय, कविता पासी, वरिष्ठ भाजपा नेता भोलेशंकर कुशवाहा, जिला पंचायत सदस्य योगेश साहू, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष शिवमूरत पासी, विजय तिवारी सहित मंडल अध्यक्षगण एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
