
कौशांबी सन्देश
कौशाम्बी। जिले के करारी कस्बे स्थित एक निजी अस्पताल में मंगलवार रात एक महिला ने दुर्लभ शारीरिक संरचना वाले जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। नवजातों के दो सिर, चार हाथ और एक ही धड़ होने की जानकारी मिलते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि जन्म के कुछ घंटों बाद ही दोनों बच्चों की मौत हो गई।तियरा जमालपुर गांव निवासी यशोदा देवी पत्नी अमर सिंह को प्रसव पीड़ा होने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सीजेरियन ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने जुड़वा बच्चों का जन्म कराया। बच्चों की असामान्य शारीरिक बनावट देखकर चिकित्सक भी हैरान रह गए। जन्म के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें संयुक्त जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों नवजात जिंदगी की जंग हार गए।चिकित्सकों के अनुसार यह अत्यंत दुर्लभ प्रकार के कंजॉइंड ट्विन्स का मामला था, जिसमें जुड़वा बच्चों का शरीर आपस में जुड़ा होता है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है, वहीं क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।