
कौशाम्बी :सिराथू तहसील क्षेत्र के मंझनपुर रोड पर अवैध प्लॉटिंग का बड़ा खेल सामने आया है। यहां बिना स्वीकृत लेआउट के धड़ल्ले से प्लॉट काटे जा रहे हैं। सबसे खतरनाक बात – हाईटेंशन लाइन के नीचे और नहर व रेलवे ट्रैक के बीच की जमीन पर आवासीय प्लॉट बेचे जा रहे हैं।नियमों के अनुसार किसी भी कॉलोनी के लिए लेआउट, सड़क, पार्क, नाली, बिजली और सुरक्षा मानकों की स्वीकृति अनिवार्य है। लेकिन यहां प्रॉपर्टी डीलर प्रशासन की अनदेखी का फायदा उठाकर सीधे खरीदारों को प्लॉट बेच रहे हैं।मौके पर हाईटेंशन लाइन के नीचे 33 हजार वोल्ट के तार गुजर रहे हैं। इसके ठीक नीचे प्लॉट की नापजोख कर बिक्री की जा रही है। विद्युत अधिनियम के तहत हाईटेंशन लाइन से 7 मीटर तक कोई निर्माण प्रतिबंधित है। हादसा होने पर जान-माल का भारी नुकसान तय है।दूसरी ओर नहर और रेलवे ट्रैक के बीच का एरिया भी प्लॉटिंग में शामिल है। रेलवे एक्ट और सिंचाई विभाग के नियमों के तहत ट्रैक और नहर से तय दूरी तक निर्माण पूरी तरह प्रतिबंधित है। बाढ़ या ट्रेन हादसे में यहां बसने वाले परिवारों की जान पर बन आएगी।
प्रशासन मौन, खरीदार परेशान
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अवैध कॉलोनाइजरों ने न तो विकास प्राधिकरण से लेआउट पास कराया है, न नगर पंचायत से अनुमति ली है। सड़क, पार्क, सीवर जैसी बुनियादी सुविधाएं नदारद हैं। फिर भी रजिस्ट्री का लालच देकर प्लॉट बेचे जा रहे हैं।
जानकारों के मुताबिक बिना स्वीकृत लेआउट के प्लॉट पर न बैंक लोन मिलेगा, न नक्शा पास होगा, न ही भविष्य में बिजली-पानी का कनेक्शन। यानी खरीदारों की पूंजी फंसना तय है। प्रशासन की अनदेखी से यह खेल खुलेआम चल रहा है।