
कौशाम्बी करारी थाना क्षेत्र के ग्राम गुलामीपुर में मसूरियादीन माता के मंदिर निर्माण को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों ने गांव के ही एक दबंग व्यक्ति पर मंदिर निर्माण कार्य में अनावश्यक बाधा डालने और अनर्गल विरोध करने का आरोप लगाया है, जिससे गांव में आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव की जनता ने आपसी सहयोग और चंदा एकत्र कर माता के मंदिर का निर्माण कार्य शुरू कराया है। मंदिर गांव की आस्था का प्रमुख केंद्र है, लेकिन आरोप है कि एक दबंग व्यक्ति बिना किसी ठोस कारण के निर्माण कार्य रुकवाने का प्रयास कर रहा है और लगातार ग्रामीणों को परेशान कर रहा है।
मंदिर निर्माण में बाधा उत्पन्न होने से ग्रामीणों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने करारी थाना पुलिस से मामले में हस्तक्षेप कर मंदिर निर्माण कार्य को सुचारु रूप से कराए जाने की मांग की है।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

