
परिजनों का हंगामा, पुलिस जांच में जुटी, डॉक्टर से पूछताछ
कौशांबी।जनपद के थाना कोखराज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिहोरी निवासी मंत लाल (उम्र लगभग 40 वर्ष), पुत्र गाजी की इलाज के दौरान मौत हो जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक का उपचार चौकी शहजादपुर क्षेत्र के कल्याणपुर स्थित तितिक्षा हॉस्पिटल एवं ट्रामा सेंटर में चल रहा था। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार मंत लाल को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तितिक्षा हॉस्पिटल एवं ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने न तो समय पर उचित उपचार किया और न ही मरीज की गंभीर स्थिति को लेकर परिजनों को सही जानकारी दी। परिजनों का कहना है कि इलाज में देरी और लापरवाही के चलते मरीज की हालत बिगड़ती चली गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
मरीज की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना पर थाना कोखराज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने अस्पताल में मौजूद संबंधित डॉक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मरीज की मौत किन कारणों से हुई और इसमें किसी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही है या नहीं।
घटना के बाद गांव सिहोरी सहित आसपास के क्षेत्रों में तनाव और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित जांच आवश्यक है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष रूप से की जा रही है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
