
कौशांबी। जनपद कौशांबी में एक महिला द्वारा खुद को पत्रकार बताते हुए गैस एजेंसी संचालक से अभद्रता करने का मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त महिला गैस एजेंसी पर पहुंची और संचालक से कथित रूप से बदसलूकी करने लगी। वायरल वीडियो में महिला तेज आवाज में बात करती और धमकी देती हुई दिखाई दे रही है। वहीं वायरल ऑडियो में महिला यह कहते हुए सुनी जा सकती है कि “जा कर पता कर लो, मैं कितना मुकदमा लगवा सकती हूं”।
गैस एजेंसी संचालक का कहना है कि महिला ने स्वयं को पत्रकार बताते हुए दबाव बनाने की कोशिश की और बिना किसी ठोस कारण के अभद्र व्यवहार किया। घटना के बाद एजेंसी कर्मियों में भी भय और असहजता का माहौल देखा गया।
इस मामले को लेकर स्थानीय पत्रकारों में भी नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं पत्रकारिता की छवि को धूमिल करती हैं। पत्रकारिता एक जिम्मेदार पेशा है, जिसका उपयोग धमकी या दबाव बनाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए।
फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत की पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन और पुलिस द्वारा वायरल वीडियो व ऑडियो की जांच किए जाने की संभावना जताई जा रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
