
कौशांबी। जनपद कौशांबी के थाना सैनी क्षेत्र अंतर्गत सिराथू चौकी के गोविंदपुर गोरियों गांव में बीती रात एक गंभीर घटना सामने आई है। गांव निवासी एक महिला के घर में आग लगने से लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे देवकी पत्नी दुखी लाल के घर में आग लग गई। पीड़िता का आरोप है कि गांव के ही दो लोगों द्वारा शराब के नशे में इस घटना को अंजाम दिया गया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, नकदी समेत अन्य आवश्यक सामान जलकर खाक हो गया।
पीड़िता का यह भी कहना है कि उसे बीते लगभग एक महीने से लगातार धमकियां दी जा रही थीं। आरोप है कि घर जलाने और जान से मारने की धमकी पहले से दी जा रही थी, जिससे पूरा परिवार भय के माहौल में रह रहा था।
आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
घटना की सूचना संबंधित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को दे दी गई है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।