जनपद कौशांबी में आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। सराय अकिल थाना क्षेत्र के कनैली चौकी अंतर्गत स्थित भांग की दुकान पर खुलेआम अवैध गांजा बिक्री का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दुकान पर प्रतिबंधित मादक पदार्थ की बिक्री किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह अवैध कारोबार आबकारी विभाग के कुछ जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत से संचालित किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि वीडियो वायरल होने के बाद भी संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे जिम्मेदारों की भूमिका पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, यह मामला सराय अकिल थाना क्षेत्र के कनैली चौकी क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां लंबे समय से अवैध रूप से गांजा बिक्री की चर्चा होती रही है। बावजूद इसके, न तो दुकान को सील किया गया और न ही किसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने जिला प्रशासन एवं उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह होगा कि वायरल वीडियो के बाद प्रशासन कब तक संज्ञान लेकर कार्रवाई करता है या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।