
कौशांबी संदेश अनुराधा यादव
कौशांबी। थाना सैनी क्षेत्र स्थित प्रभा अस्पताल में बिल को लेकर हुए विवाद के बाद एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीन दिन के इलाज में अस्पताल प्रशासन ने करीब 45,000 रुपये का बिल बनाया था। महिला का कहना है कि वह अधिकांश रकम जमा कर चुकी थी और मात्र कुछ राशि बाकी थी, इसी को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि भुगतान को लेकर हुई कहासुनी के दौरान अस्पताल में मौजूद हारुन नामक व्यक्ति, जो चक सैनी का निवासी बताया जा रहा है, ने महिला को पकड़कर बेरहमी से पीटा। इस बीच वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह महिला को छुड़ाया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि इस दौरान उसके नाबालिग बच्चे, जिसका इलाज चल रहा था, के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन निजी अस्पतालों में इस तरह की दबंगई और मनमाना बिल वसूली के मामले सामने आते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं होती। वहीं, घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई है, लेकिन अभी तक किसी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
पीड़िता ने पुलिस से न्याय और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
