कौशांबी के मोहल्ला गौशाला में जल संकट गहराया, एक माह से तरस रहे लोग बूंद-बूंद पानी को

कौशांबी संदेश अमित कुशवाहा*

कौशांबी, भरवारी नगर पालिका परिषद।
वार्ड नंबर 24 के मोहल्ला गौशाला में पानी की आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो चुकी है, जिससे इलाके के सैकड़ों परिवार भीषण गर्मी में पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, लगभग एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पानी की सप्लाई चालू नहीं हो सकी है।

प्रदीप मिश्रा वरिष्ठ पदाधिकारी विश्व हिन्दू परिषद, पप्पू मिश्र, संतोष, अमित, सचदेवा, दीपाली और लौटन प्रजापति, डिग्गा पटेल सहित कई निवासियों ने बताया कि उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष और संबंधित अधिकारियों को कई बार सूचित किया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

स्थानीय निवासी सड़क किनारे स्थित दूसरे मोहल्लों से पानी भरने को मजबूर हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। भारी उमस और गर्मी के इस मौसम में पानी की किल्लत लोगों के लिए जीवन का सबसे बड़ा संकट बन चुकी है।

*प्रशासनिक उदासीनता पर उठे सवाल*

लोगों का कहना है कि नगर पालिका की ओर से नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के तमाम दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। करीब 30 दिनों से लगातार पानी नहीं मिलने से महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

*जनप्रतिनिधियों से जवाबदेही की मांग*

क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से जल्द से जल्द इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि उन्हें इस भीषण गर्मी में राहत मिल सके। यदि शीघ्र कार्यवाही नहीं होती है, तो नागरिक आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।

Kaushambi Sandesh
Author: Kaushambi Sandesh

Contact number 7394947972

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें