समाजसेवी ने निजी खर्च पर पुलिया, सड़क के गड्ढे भरवाए, ग्रामीणों ने की सराहना

कौशाम्बी संदेश, मो0 शाहिद

कौशाम्बी। मंझनपुर विकास खंड में एक समाजसेवी ने अपने निजी खर्च पर टूटी पुलिया की मरम्मत करवाई और सड़क के गड्ढे भरवाए हैं। इस पहल से अषाढ़ा चौराहा से नसुल्लापुर गांव जाने वाली मुख्य सड़क पर आवागमन सुगम होने वाला है, जिसके लिए स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने उनकी सराहना की है।

यह पुलिया और सड़क का बड़ा गड्डा कई महीनों से अषाढ़ा चौराहा से नसुल्लापुर गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर स्थित था। जलभराव के कारण वाहन चालकों, पैदल राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क की खराब स्थिति के चलते लोग अक्सर फिसलकर गिर जाते थे और वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो गया था। अषाढ़ा गांव निवासी समाजसेवी शमीम अहमद को जब इस समस्या की जानकारी मिली, तो उन्होंने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने रविवार को अपने निजी खर्च पर मौके पर पहुंचकर पुलिया की मरम्मत करवाई और सड़क पर बने बड़े गड्ढे में ईंट के टुकड़े डलवाकर उसे भरवा दिया।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि नाली की उचित व्यवस्था न होने के कारण घरों से निकलने वाला गंदा पानी लगातार सड़क पर बहता रहता है। इसी वजह से सड़क पर अक्सर जलभराव की स्थिति बनी रहती है। ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर कई बार शिकायतें की थीं, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी थी। समाजसेवी शमीम अहमद की इस पहल के बाद सड़क पर आवागमन अब सुगम हो जाएगा। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए शमीम अहमद के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान बृजलाल, दिलशाद, नईम, अनिल, सोनू, अशोक यादव, सोहेल खान, अमृतलाल, मदन और रफीक सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More

Marketing Hack4U