
कौशाम्बी। चायल तहसील क्षेत्र में स्थित गांव लोही से घूरी गांव को जोड़ने वाली लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की सड़क की हालत पिछले कई वर्षों से बेहद खराब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह जलभराव और कीचड़ जमा रहने के कारण आम जनता को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। सड़क पूरी तरह से कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। दोपहिया वाहन फिसलने का खतरा बना रहता है, वहीं चारपहिया वाहनों का निकलना लगभग नामुमकिन हो जाता है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से सड़क मरम्मत की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। सड़क की बदहाली के कारण गांव का संपर्क आसपास के क्षेत्रों से प्रभावित हो रहा है, जिससे दैनिक जीवन के साथ-साथ व्यापार और आपात सेवाएं भी बाधित हो रही हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए और जलनिकासी की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को इस समस्या से निजात मिल सके।
