
कौशाम्बी शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार कार और बाइक में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार ग्राम पांडेयमऊ निवासी मलखान सरोज और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गए, वहीं बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और तुरंत पुलिस प्रशासन को जानकारी दी। संदीपन घाट थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर घायलों को एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल भेजवाया, जहां दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस दुर्घटना के बाद ओवरब्रिज पर कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर स्पीड लिमिट लागू की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
