
कौशांबी। विकास खंड सिराथू के ग्राम कसिया पश्चिम में सरकारी समितियों पर लंबे समय से खाद उपलब्ध न होने से किसानों में गहरी नाराज़गी व्याप्त है। रबी फसल की बुवाई का समय चल रहा है, ऐसे में समय पर खाद न मिलने से किसानों की खेती पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
ग्रामीण किसानों का कहना है कि सरकारी समितियों से खाद न मिलने पर उन्हें मजबूरी में निजी दुकानों से ऊँचे दामों पर खाद खरीदनी पड़ रही है। किसानों ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक लापरवाही और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत के कारण यह समस्या वर्षों से बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कसिया पश्चिम क्षेत्र में कई निजी दुकानदार मनमाने दामों पर खुलेआम खाद बेच रहे हैं। इस अवैध वसूली का वीडियो सबूत के रूप में मौजूद है। किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके और आगामी फसल प्रभावित न हो।
