
कौशांबी जनपद के सैनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत केसरिया मोड़, बड़कापुर के पास बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक गौवंश की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार वाहन ने सड़क पार कर रहे गौवंश को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गौवंश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ कड़ी नाराज़गी जताते हुए कहा कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहन अक्सर दुर्घटनाएं करते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंची पुलिस टीम से मामले की जांच कर वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शव को सड़क से हटवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
