
कौशांबी। जनपद कौशांबी के सैनी थाना क्षेत्र में स्थित नेशनल हाईवे किनारे 4 सीजन रेस्टोरेंट में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर की पाइप अचानक निकल जाने से आग भड़क गई, जिसके बाद एक के बाद एक दो जोरदार धमाके हुए। धमाकों की आवाज से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोग दहशत में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खाना बनाते समय अचानक गैस पाइप सिलेंडर से अलग हो गई, जिससे तेज लपटें उठने लगीं। कुछ ही क्षणों में पूरा ढाबा आग की चपेट में आ गया। तभी दो सिलेंडरों में लगातार धमाके हुए, जिनकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
धमाकों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सौभाग्य से इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन रेस्टोरेंट में रखा सामान पूरी तरह से जलकर राख हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सैनी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम का मुआयना किया। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अचानक हुए इस सिलेंडर ब्लास्ट से आसपास के इलाकों में भारी दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग पर तुरंत नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो नुकसान और भी अधिक हो सकता था। हादसे के बाद से ही लोग गैस सुरक्षा को लेकर प्रशासन से सख्त दिशा-निर्देश और रेस्टोरेंट्स में नियमित जांच की मांग कर रहे हैं।
Author: Kaushambi Sandesh
Contact number 7394947972
