आम रास्ता तालाब में तब्दील, बजबजा रहा गंदा पानी – संक्रामक बीमारी का खतरा

जनपद कौशाम्बी ब्लॉक* के रक्सवारा ग्राम पंचायत की तस्वीरें विकास के दावों की पोल खोलती हैं। ग्राम प्रधान और सचिव पर ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वे सरकारी धन का दुरुपयोग कर रहे हैं। मंचों से जनप्रतिनिधि और प्रशासन भले ही विकास का ढोल पीटते हों, लेकिन हकीकत यह है कि आज भी ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं।

देशभर में अरबों रुपए स्वच्छता अभियान पर खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन यहां यह योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है। गांव का आम रास्ता तालाब में बदल चुका है। बरसात के बाद बजबजाते गंदे पानी ने हालात और बदतर कर दिए हैं। मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कागज़ों पर विकास बह रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं दिख रहा।

गांव की गलियों में कीचड़ और गंदगी से लोग परेशान हैं। पैदल चलना तो दूर, बच्चों और बुजुर्गों के लिए इस रास्ते से गुजरना जानलेवा जोखिम जैसा बन गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारियों को इस समस्या की जानकारी है, लेकिन वे अनजान बने बैठे हैं। एसी गाड़ियों में घूमने वाले अधिकारी अगर कभी इन रास्तों पर कदम रखें, तो असल सच्चाई सामने आ जाएगी।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे जिला अधिकारी के दफ्तर पर आंदोलन करेंगे। उनका कहना है कि अब चुप बैठना संभव नहीं है, क्योंकि गंदगी और बीमारी ने जीना दूभर कर दिया है।

Kaushambi Sandesh
Author: Kaushambi Sandesh

Contact number 7394947972

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें