
कोखराज (कौशांबी): जिले के कोखराज उपकेंद्र के अंतर्गत कशिया पश्चिम स्थित अंबेडकर तिराहा से ककराबाद रोड की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर बिजली विभाग की लापरवाही एक बड़े हादसे को न्योता दे रही है। लगभग 300 मीटर लंबी खुले में खींची गई बिजली की केबिल से राहगीरों की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
यह केबिल एक उपभोक्ता को कनेक्शन देने के उद्देश्य से खींची गई है, लेकिन जिस तरीके से इसे सड़क के किनारे बिना किसी सुरक्षा उपायों के लगाया गया है, वह विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों की मानें तो यह क्षेत्र रोज़ाना सैकड़ों राहगीरों, बच्चों व दोपहिया वाहनों की आवाजाही का मुख्य मार्ग है। खुले तारों के कारण किसी भी समय शॉर्ट सर्किट या स्पार्किंग जैसी घटना से बड़ी अनहोनी हो सकती है।
जानकारी के अनुसार, यह कार्य कोखराज उपकेंद्र में तैनात लाइनमैन मनीष कुमार विश्वकर्मा की निगरानी में किया गया। मनीष अपने ‘बड़े से बड़े काम को आसानी से निपटाने’ के दावे के लिए जाने जाते हैं, लेकिन इस बार उनके अधीन हो रहा कार्य मानकों की खुली अनदेखी करता प्रतीत हो रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग से इस स्थिति को तुरंत संज्ञान में लेकर सुधार की मांग की है, ताकि किसी संभावित हादसे से पहले ही एहतियातन कार्रवाई की जा सके।
Author: Kaushambi Sandesh
Contact number 7394947972
