
भरवारी, कौशाम्बी — नगर पालिका द्वारा वार्ड नंबर 15, देहदानी रमाशंकर नगर सिंधिया क्षेत्र में जनहित के उद्देश्य से निर्मित पम्प हाउस की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। मात्र एक माह पूर्व निर्माणाधीन यह पम्प हाउस रविवार को ऑपरेटर द्वारा चालू किए जाने पर तकनीकी खामी के चलते जलप्रदाय पाइप फट गया, जिससे पूरा पम्प हाउस जलमग्न हो गया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस परियोजना को लाखों रुपये की लागत से तैयार किया गया था, लेकिन शुरुआत में ही इस तरह की गंभीर तकनीकी खामी सामने आना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर प्रश्नचिन्ह लगाता है। पम्प हाउस के जलमग्न हो जाने से जलापूर्ति बाधित हो गई है, जिससे वार्डवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पालिका परिषद भरवारी इन दिनों अपने निर्माण कार्यों की गुणवत्ताहीनता के चलते लगातार सुर्खियों में है। चाहे सड़क निर्माण हो या जलापूर्ति व्यवस्था, कई परियोजनाएं जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही हैं।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस मामले में शीघ्र जांच कर संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही यह भी आग्रह किया गया है कि नगर पालिका अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी इस मामले को गंभीरता से लें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों और जनता की गाढ़ी कमाई सुरक्षित रह सके।
Author: Kaushambi Sandesh
Contact number 7394947972
