पत्रकार को ट्रक से कुचलने की धमकी, कोखराज में बालू माफियाओं के हौसले बुलंद

कोखराज (कौशाम्बी।थाना क्षेत्र के गोदाम गांव में बालू माफिया खुलेआम दबंगई पर उतर आए हैं। मंगलवार को गोदाम निवासी पिताई यादव, जो क्षेत्र में अवैध बालू खनन से जुड़ा बताया जा रहा है, ने एक पत्रकार को ट्रक से कुचल देने और जान से मारने की धमकी दे डाली।

जानकारी के अनुसार, पत्रकार जब क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन की पड़ताल कर रहे थे, तभी पिताई यादव ने रास्ता रोकते हुए अभद्र भाषा में धमकी दी और कहा कि “अगर ज्यादा घुसे तो ट्रक से कुचलवा दूंगा, जान से भी हाथ धो बैठोगे।” इस घटना से पत्रकार जगत में रोष फैल गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कोखराज क्षेत्र में लंबे समय से बालू का अवैध खनन चल रहा है, लेकिन पुलिस-प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। खुलेआम चल रहे इस अवैध कारोबार के पीछे प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता की भी चर्चा है।

घटना की सूचना कोखराज थाना पुलिस को दे दी गई है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। पत्रकारों और ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि यदि आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय पत्रकार संघ ने इस मामले को गंभीर बताते हुए जिला प्रशासन से आरोपी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है।

Kaushambi Sandesh
Author: Kaushambi Sandesh

Contact number 7394947972

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें