[the_ad id="16"]

खेत में साग तोड़ने गई 4 किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में हुई लापता

कौशांबी–
पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र में खेत गई 4 किशोरियां रहस्यमय हालत में लापता हो गई है। परिजनों के खोजबीन के बाद भी सुराग नहीं लगने पर एक की मां ने अनहोनी की आशंका जताते हुए थाना पुलिस को तहरीर दी। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।

पश्चिम शरीरा कस्बे की सीमा देवी पत्नी दुर्गेश कुमार रैदास ने बताया कि गुरुवार की दोपहर उसकी बेटी अंजली (16) पड़ोस में रहने वाली सहेली विमला (17) पुत्री छेदीलाल, गीता देवी (14) पुत्री बिहारीलाल व गीता (14) पुत्री सूरजभान के साथ घर से साग तोड़ने खेत जाने की बात कहकर निकली थी। चारों लड़कियां दलित परिवार से हैं। वह काफी देर तक नहीं लौटीं, तो परेशान परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। तमाम प्रयास के बाद भी उनका कुछ पता नहीं चला। इस पर लापता अंजली की मां सीमा ने अनहोनी की आशंका जताते हुए स्थानीय थाना पुलिस को तहरीर दी।

क्या बोले थाना प्रभारी

पश्चिम शरीरा इंस्पेक्टर त्रिलोकी नाथ पांडेय ने बताया कि केस दर्ज कर बच्चियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें बरामद कर लिया जाएगा।

मुंबई जाने वाली ट्रेनों में रातभर हुई तलाश

पश्चिम शरीरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के तत्काल बाद ही मामले की जानकारी जीआरपी प्रयागराज, भरवारी और सिराथू को दे दी। जीआरपी ने मायानगरी मुंबई जाने वाली सभी ट्रेनों में रात भर सर्च ऑपरेशन चलाया। लेकिन किशोरियों का सुराग नहीं लगा। पुलिस को शक है कि लड़कियां फिल्मी दुनिया में तकदीर आजमाने के लिए मुंबई जा सकती हैं। इसके लिए कोई उनको बहलाकर भी ले जाया जा सकता है।
डिप्टी एसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि पश्चिम शरीरा पुलिस के साथ सर्विलांस सेल को भी एक्टिव किया गया है। किशोरियों की तलाश की जा रही है। पूरा प्रयास है कि वह जल्द सकुशल बरामद हो जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More

[the_ad id="176"]