
कौशांबी। पिपरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरादपुर गांव में एक विवाहिता का शव फंदे से लटकता मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों ने ससुरालीजनों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
मृतका के मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग बाइक और 50 हजार रुपये की डिमांड कर रहे थे। डिमांड पूरी न होने पर बहू को प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि डिमांड पूरी न होने पर ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर शव फंदे पर लटका दिया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने तहरीर देकर ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।मृतका के पिता ने रोते हुए कहा: “हमने शादी में अपनी हैसियत से सब दिया था। लेकिन ये लोग बाइक और 50 हजार और मांग रहे थे। मांग पूरी न होने पर मेरी बेटी को मार डाला और फांसी का रूप दे दिया”।
पिपरी थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मौत के सही कारण जानने का प्रयास किया जा रहा है।
थानाध्यक्ष पिपरी ने बताया: “तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है”।गांव में घटना के बाद मातम का माहौल है। महिला संगठनों ने भी मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।