करारी में खून से सनी रात: धारदार हथियार से युवक की हत्या, गांव में पसरा सन्नाटा

अडहरा गांव में वारदात से दहशत—परिजनों में उबाल, पीएसी तैनात

कौशाम्बी सन्देश राहुल यादव
करारी, कौशाम्बी। करारी थाना क्षेत्र के अडहरा गांव में रविवार देर रात हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। धारदार हथियार से युवक की निर्मम हत्या कर दी गई, जिससे गांव में भय और आक्रोश का माहौल फैल गया।
मृतक की पहचान भारत  पुत्र छोटेलाल के रूप में हुई है, जो परिवार में तीसरे नंबर पर था। दो भाइयों और पांच बहनों के बड़े परिवार में भारत की जिम्मेदारियां भी कम नहीं थीं। उसका छोटा भाई मुकेश  है, जबकि बड़ा भाई करीब 29 वर्ष का बताया जा रहा है।
बताया जाता है कि भारत  ने करीब सात वर्ष पहले प्रज्ञा  से कोर्ट मैरिज कर विवाह किया था। आज उसी परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है—वह अपने पीछे दो साल की मासूम बेटी और आठ माह की गर्भवती पत्नी को छोड़ गया है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को भी भावुक कर दिया है।
रविवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने भारत यादव पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। खून से लथपथ शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई और लोग भयभीत हो उठे।
सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह और क्षेत्राधिकारी मंझनपुर शिवांक सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शोकाकुल परिजनों को हर संभव मदद व न्याय का भरोसा दिलाया।
मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश है। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। गांव में तनावपूर्ण हालात को देखते हुए एहतियातन पीएसी बल तैनात कर दिया गया है, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है।
हालांकि तीन नामजद व चार अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज हो चुका है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More

Marketing Hack4U