
जनपद कौशांबी के थाना कोखराज क्षेत्र अंतर्गत टोल प्लाजा के पास नकली केमिकल के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। ई.आई.पी.आर. टीम के अधिकारी पीयूष श्रीवास्तव एवं देवेन्द्र सिंह तथा थाना कोखराज पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर नकली केमिकल से भरी 83 बाल्टियां बरामद की हैं।
सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से क्षेत्र में नकली केमिकल की आपूर्ति की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के आधार पर ई.आई.पी.आर. अधिकारियों एवं कोखराज पुलिस ने संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान चलाया, जिसमें टोल प्लाजा के पास संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नकली केमिकल बरामद हुआ, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अधिकारियों का कहना है कि बरामद केमिकल का प्रयोग औद्योगिक एवं व्यावसायिक उपयोग के नाम पर किया जा रहा था, जिससे जनस्वास्थ्य और पर्यावरण को गंभीर खतरा हो सकता था। पकड़े गए केमिकल की जांच हेतु नमूने प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। इस कार्रवाई से नकली केमिकल के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में अफरा-तफरी का माहौल है। पुलिस ने मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
क्षेत्रवासियों ने इस सख्त कार्रवाई की सराहना करते हुए प्रशासन से ऐसे अवैध कारोबार पर निरंतर अंकुश लगाने की मांग की है

