
कौशाम्बी संदेश
कौशाम्बी। कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रस्तावित “मनरेगा बचाओ संग्राम” कार्यक्रम के तहत सोमवार को भरवारी स्थित कैंप कार्यालय में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष गौरव पाण्डेय ने की, जबकि कार्यक्रम में जिला संयोजक राजेश साहनी व जिला उपाध्यक्ष एवं मनरेगा बचाओ अभियान के जिला को-ऑर्डिनेटर मोहम्मद अकरम विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रेस को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष गौरव पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर देशभर में मनरेगा बचाओ संग्राम की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना कांग्रेस शासनकाल में शुरू की गई एक ऐतिहासिक ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को हर वित्तीय वर्ष में कम से कम 100 दिन का अकुशल रोजगार उपलब्ध कराकर उनकी आजीविका को सुरक्षित करना है।
इस योजना के अंतर्गत सड़कों, नहरों, तालाबों जैसे बुनियादी ढांचे का निर्माण हुआ, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली।
गौरव पाण्डेय ने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार इस योजना का नाम बदलकर जनता को भ्रमित कर रही है और धीरे-धीरे मनरेगा को समाप्त करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि “यह केवल नाम बदलने की साजिश नहीं है, बल्कि गरीबों के संवैधानिक और नैतिक अधिकारों पर हमला है, जिसे कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।”
इस मौके पर पूर्व प्रदेश सचिव एवं जिला संयोजक राजेश साहनी ने कहा कि भाजपा सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए योजनाओं के नाम बदलने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं का नाम देश के लिए बलिदान देने वाले महापुरुषों और शहीदों के नाम पर रखा गया है, उन्हें बदला जाना दुर्भाग्यपूर्ण है और कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करेगी।
वहीं, जिला उपाध्यक्ष एवं नवनियुक्त मनरेगा बचाओ कार्यक्रम के जिला को-ऑर्डिनेटर मोहम्मद अकरम ने कहा कि पार्टी ने उन्हें कौशाम्बी जनपद में इस महत्वपूर्ण योजना के संरक्षण की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनता को जागरूक करेंगे और यह संदेश देंगे कि भाजपा सरकार मनरेगा को कमजोर कर रही है।
उन्होंने कहा, “मनरेगा को बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेंगे।”
प्रेस वार्ता में प्रमुख रूप से जिला महासचिव श्याम सिंह भदौरिया, कार्यालय प्रभारी हेमंत रावत, सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष सचिन पाण्डेय, असद अहमद, मोहम्मद अकबर, मोहम्मद मिज़ान, जितेंद्र सिंह, दीपक शर्मा, नोखे लाल यादव सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

