
कौशांबी। थाना कोखराज क्षेत्र की चौकी शहजादपुर अंतर्गत ग्राम अहिरारा में अवैध मिट्टी खनन का कारोबार खुलेआम धड़ल्ले से चल रहा है। दिन-रात जेसीबी मशीनों के जरिए खेतों व खाली पड़ी जमीन से मिट्टी की खुदाई कर डंफर से परिवहन किया जा रहा है, लेकिन इस अवैध गतिविधि पर रोक लगाने के बजाय पुलिस-प्रशासन और संबंधित अधिकारी मौन साधे हुए हैं। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, लगातार हो रहे खनन से भूमि का स्वरूप बिगड़ रहा है, खेतों को नुकसान पहुंच रहा है तथा पर्यावरण पर भी गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। खनन के कारण गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध खनन की शिकायतें किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे खनन करने वालों के हौसले बुलंद हैं। प्रशासन की निष्क्रियता से यह सवाल उठने लगा है कि आखिर जिम्मेदार अधिकारी कब जागेंगे और अवैध खनन पर कब प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी एवं उच्चाधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर अवैध मिट्टी खनन पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

