महामाया पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रिंसिपल पर दलित महिला लेक्चरर ने लगाए गंभीर आरोप, पुलिस जांच में जुटी

कौशांबी संदेश अमित कुशवाहा

कौशाम्बी। जनपद कौशाम्बी के महामाया पॉलिटेक्निक ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी कॉलेज का मामला उस समय सुर्खियों में आ गया, जब कॉलेज में कार्यरत एक दलित महिला लेक्चरर ने प्रिंसिपल पर छेड़छाड़ एवं मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत के बाद चरवा थाना पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।पीड़ित महिला लेक्चरर का आरोप है कि कॉलेज प्रिंसिपल द्वारा लंबे समय से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था और एक अवसर पर उसके साथ अभद्रता व छेड़छाड़ की गई। विरोध करने पर उसे नौकरी से निकालने और चरित्र हनन की धमकी भी दी गई। पीड़िता का कहना है कि वह दलित वर्ग से है, इसलिए उसे जानबूझकर निशाना बनाया गया।
मामले की शिकायत लिखित रूप में चरवा थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है और कॉलेज से जुड़े अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
इस प्रकरण के सामने आने के बाद शिक्षा जगत में भी हड़कंप मच गया है। वहीं सामाजिक संगठनों ने पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग करते हुए दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अब सभी की नजरें पुलिस जांच और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More

Marketing Hack4U