
कई दिनों से थे लापता, ओवरब्रिज के नीचे से मिले, बाल कल्याण समिति के समक्ष किए गए प्रस्तुत
कौशांबी। थाना सैनी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो गुमशुदा नाबालिग बालकों को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कौशांबी के निर्देश पर गठित विशेष टीम द्वारा की गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 29 जनवरी 2026 को ग्राम उतरावां थाना सैनी निवासी अमृत लाल पुत्र श्याम लाल ने थाना सैनी में सूचना दी थी कि उनका 12 वर्षीय पुत्र रोहन, अपने दोस्त 13 वर्षीय रिशम के साथ स्कूल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन स्कूल से वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बावजूद दोनों का कोई पता नहीं चल सका।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सैनी में मु.अ.सं. 31/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया और तत्काल बच्चों की तलाश के लिए टीम गठित की गई।पुलिस टीम द्वारा स्कूल शिक्षकों से पूछताछ और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इसी क्रम में दिनांक 31 जनवरी 2026 को थाना सैनी पुलिस ने दोनों गुमशुदा बालकों को सिराथू स्टेशन के पास ओवरब्रिज के नीचे से सकुशल बरामद किया।
पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे कई दिनों से स्कूल नहीं जा रहे थे और विद्यालय से इसकी सूचना घरवालों को मिल गई थी। इसी डर से वे उतरावां से सिराथू पहुंचे, वहां से ट्रेन पकड़कर छिवकी स्टेशन गए, फिर इटारसी स्टेशन तक गए, जहां मन बदलने पर पुनः सिराथू लौट आए।बरामद किए गए दोनों बच्चों को नियमानुसार बाल कल्याण समिति, कौशांबी के समक्ष प्रस्तुत किया गया है, जहां आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई को थाना सैनी पुलिस टीम द्वारा अंजाम दिया गया।
