कोचिंग जा रही स्कूटी सवार बालिका को बेकाबू रोडवेज बस ने मारी टक्कर

गंभीर रूप से घायल, चालक बस लेकर फरार

कौशांबी :कोखराज थाना क्षेत्र के समता फिलिंग पेट्रोल पंप के पास सोमवार करीब 11 बजे दिन में एक तेज रफ्तार बेकाबू रोडवेज बस ने स्कूटी सवार बालिका को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार मालाक भायल गांव निवासी रिंकी देवी (उम्र लगभग 20 वर्ष), पुत्री महेश कुमार, स्कूटी से कोचिंग जा रही थीं। जैसे ही वह समता फिलिंग पेट्रोल पंप के पास पहुंचीं, प्रयागराज की ओर से आ रही रोडवेज बस ने ओवरटेक करने के दौरान स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रिंकी देवी स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़ीं और गंभीर चोटें आईं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद भी बस चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से बस लेकर फरार हो गया। घटना को देख मौके पर सैकड़ों लोग जमा हो गए। सूचना पर एनएचएआई की एंबुलेंस और कोखराज थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल बालिका को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया।दुर्घटना की सूचना मिलते ही घायल के परिजन और रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल बालिका का अस्पताल में इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते कुछ महीनों में रोडवेज बसों की लापरवाही से कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद बस चालकों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। लोगों ने मांग की है कि रोडवेज बस चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि वे निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फरार बस व चालक की तलाश जारी है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें