
कौशांबी:थाना सैनी क्षेत्र के अंतर्गत अट्सराय चौराहा से पथराव मार्ग की ओर बालू से लदे ओवरलोड ट्रैक्टर और डंपर खुलेआम फर्राटा भरते देखे जा रहे हैं। अवैध खनन और ओवरलोडिंग का यह खेल दिन-रात जारी है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग के कारण सड़कें तेजी से जर्जर हो रही हैं, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इस मार्ग से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों का आवागमन होता है, जिससे यह रास्ता बेहद असुरक्षित हो चुका है।ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि टास्क फोर्स और संबंधित विभाग आखिर कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं? क्या उनके हाथ किसी ने बांध दिए हैं? लोगों का आरोप है कि अवैध बालू परिवहन किसी न किसी संरक्षण में फल-फूल रहा है, तभी शिकायतों के बावजूद केवल औपचारिक कार्रवाई ही देखने को मिलती है।
न तो परिवहन विभाग की सख्ती दिखाई दे रही है और न ही पुलिस की नियमित चेकिंग। कई बार शिकायत किए जाने के बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं, जिससे आम जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।अब बड़ा सवाल यह है कि प्रशासन कब जागेगा और अवैध खनन व ओवरलोडिंग पर प्रभावी कार्रवाई करेगा, या फिर जनता को ऐसे ही जोखिम भरे हालात में जीवन बिताने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
