कौशांबी :थाना कौशांबी 12 ब्लॉक में खुलेआम गांजा कारोबार, प्रशासन मौन!

कौशांबी संदेश
जनपद कौशांबी के थाना क्षेत्र अंतर्गत 12 ब्लॉक में अवैध गांजा कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र में लंबे समय से यह नशे का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।सूत्रों का दावा है कि इस अवैध कारोबार को निर्बाध रूप से संचालित करने के लिए आबकारी विभाग को हर महीने करीब ₹10,000 तक की रकम दिए जाने की चर्चा है। हालांकि इस संबंध में किसी भी अधिकारी द्वारा आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गांजा जैसे नशीले पदार्थों की खुलेआम बिक्री से क्षेत्र के युवा तेजी से इसकी गिरफ्त में आ रहे हैं, जिससे उनका भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद न तो पुलिस और न ही आबकारी विभाग की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई दिखाई दी है।
क्षेत्रवासियों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि जब सब कुछ खुलेआम हो रहा है, तो फिर प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो हालात और भी गंभीर हो सकते हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इस अवैध गांजा कारोबार पर कब शिकंजा कसेगा प्रशासन? या फिर आरोपों की तरह ही यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें