
कौशाम्बी संदेश
जनपद प्रयागराज के संगम क्षेत्र में आयोजित हो रहे माघ मेला–2026 के दृष्टिगत जनपद कौशाम्बी में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, श्रद्धालुओं के आवागमन की बेहतर व्यवस्थाओं एवं डायवर्जन प्लान की तैयारियों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी श्री राजेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि माघ मेले के दौरान प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए जनपद के प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं बॉर्डर पॉइंट्स पर विशेष यातायात व्यवस्था की गई है।
एसपी कौशाम्बी श्री राजेश कुमार (वाइट):
“माघ मेला–2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। जनपद कौशाम्बी में यातायात को सुचारू रखने के लिए प्रभावी डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि जाम की स्थिति न बने और श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगम रूप से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।”
पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की इस तैयारी से माघ मेला–2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुचारू आवागमन और बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
