
कौशाम्बी संदेश अमित कुशवाहा
कौशाम्बी माघ मेला–2026, प्रयागराज में संभावित श्रद्धालु भीड़ एवं यातायात प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी एवं जिलाधिकारी कौशाम्बी ने एम.वी.आर. डिग्री कॉलेज कसिया का भ्रमण कर होल्डिंग एरिया बनाए जाने की दृष्टि से वस्तुस्थिति का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, ठंड से बचाव हेतु अलाव एवं कंबल की उपलब्धता समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, आवश्यकतानुसार साइनेज लगाने तथा बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था करने पर विशेष जोर दिया।
अधिकारियों ने कहा कि माघ मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं पूर्व से ही पूर्ण कर ली जाएं। निरीक्षण के दौरान थाना कोखराज प्रभारी चंद्र भूषण मौर्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा एवं ठहराव उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, जिसके लिए हर स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
