कौशाम्बी पुलिस की नववर्ष पर विशेष तैयारी: सुरक्षा नियमों का पालन कर मनाएं 2026 का जश्न, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

मो0 शाहिद-जिला क्राइम रिपोर्टर

कौशाम्बी पुलिस नववर्ष 2026 के स्वागत को लेकर पूरी तरह सतर्क है। जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने जनपदवासियों से सहयोग की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जश्न के नाम पर किसी भी तरह की लापरवाही या कानून तोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
कौशाम्बी पुलिस के अनुसार, नववर्ष के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। दोपहिया वाहन पर दो से अधिक सवारी प्रतिबंधित रहेगी। इसके अतिरिक्त, हेलमेट और चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य किया गया है।
पुलिस ने अभिभावकों से विशेष अपील की है कि वे 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। ऐसा पाए जाने पर वाहन चालक के साथ-साथ वाहन मालिक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रैश ड्राइविंग, अवैध स्टंट और सड़क पर हुड़दंग करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी।
ध्वनि प्रदूषण को लेकर भी पुलिस सख्त है। डीजे, लाउडस्पीकर और अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग माननीय न्यायालय और प्रशासन की गाइडलाइंस के अनुसार ही करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, हुड़दंग, मारपीट या लोक शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सावधान रहने और किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को देने की अपील की है।
किसी भी आपात स्थिति में नजदीकी पुलिस थाना या डायल 112 पर तुरंत संपर्क करने का आग्रह किया गया है।
कौशाम्बी पुलिस ने जनपदवासियों से प्रशासन का सहयोग करने और “नववर्ष का रंग – सुरक्षित मनाएं अपनों के संग” के संदेश के साथ शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में नववर्ष 2026 का स्वागत करने की अपील की है। पुलिस ने दोहराया है कि “आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता” है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें