
कौशांबी। जनपद कौशांबी के थाना सराय अकिल क्षेत्र से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि थाना सराय अकिल में तैनात सिपाही शिव बाबू, सिपाही राजेश सहित अन्य सिपाही व दारोगा माफियाओं के साथ बैठते हैं और मिलीभगत कर निर्दोष लोगों पर फर्जी मुकदमे दर्ज कराए जाते हैं।
महिला का आरोप है कि जब उसने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू किया तो मौके पर मौजूद माफिया और सिपाही भागते हुए नजर आए। बताया जा रहा है कि यह वीडियो अब क्षेत्र में तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
पीड़िता का कहना है कि माफियाओं से साठगांठ कर पुलिस द्वारा दबाव बनाया जाता है और विरोध करने पर झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी जाती है। महिला ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों व माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले को लेकर अभी तक पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन वीडियो के वायरल होने के बाद उच्च अधिकारियों द्वारा मामले की जांच कराए जाने की संभावना जताई जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह पुलिस की साख पर गंभीर सवाल खड़े करेगा।