
भरवारी,कौशाम्बी। अथक ग्रामीण जन सेवा समिति भरवारी, कौशाम्बी द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी समाजसेवा की एक अनुकरणीय मिसाल पेश की गई। समिति की ओर से ठंड से प्रभावित गरीब, अनाथ एवं बेसहारा लोगों के लिए कपड़ा वितरण एवं संग्रह अभियान चलाया गया।
इस अवसर पर समिति ने भरवारी नगर पालिका क्षेत्र के समस्त नागरिकों, माताओं एवं बहनों को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सेवा अभियान की शुरुआत की। समिति के सदस्यों ने बताया कि मानव जीवन में सेवा और सत्कर्म की भावना प्रत्येक व्यक्ति में होती है, किंतु व्यस्त जीवनशैली के चलते यह भावना कई बार पीछे छूट जाती है। ऐसे में जो लोग समय निकालकर समाज के कमजोर वर्ग की मदद के लिए आगे आते हैं, वे वास्तव में प्रेरणा के स्रोत होते हैं।
अथक ग्रामीण जन सेवा समिति की टीम ने ठंड की मार झेल रहे जरूरतमंद लोगों के लिए कपड़ा संग्रह कर उन्हें वितरित करने का संकल्प लिया है। समिति ने आमजन से अपील की है कि वे अपने घरों में अनुपयोगी लेकिन अच्छी स्थिति में मौजूद कपड़े एकत्र कर हाईमास्ट भरवारी चौराहा स्थित “दया की दीवार” पर रखें अथवा समिति के किसी भी सदस्य को सौंपें, जिससे ये वस्त्र जरूरतमंदों तक पहुंचाए जा सकें।
यह सेवा कार्यक्रम दिनांक 28 दिसम्बर 2025, रविवार को आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस पुनीत कार्य में प्रमुख रूप से वीरेन्द्र त्रिपाठी, विनय तिवारी (प्रधान जी), ज्वाला सिंह यादव, प्रशान्त पाण्डेय, विजय प्रकाश, हेमन्त नायडू, शेखर (चाट वाले), भगवान दीन साहू, अम्बर केशरवानी, आकाश श्रीवास्तव, मोहित स्वर्णकार, शानू कुशवाहा, राज गुप्ता, लक्ष्मी नारायण कुशवाहा, अंशु चौरसिया, आशीष शर्मा एवं मोनू केसरवानी सहित अन्य सहयोगियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। समिति का यह प्रयास न केवल जरूरतमंदों को ठंड से राहत पहुंचाने वाला है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं को भी सुदृढ़ करने वाला है।

