
करारी (कौशांबी)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अगियोना मोड़ से लेकर यूनाइटेड स्कूल तक भव्य रैली निकाली गई।कार्यक्रम में थाना प्रभारी सियाकांत चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों के साथ विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने देश की एकता, अखंडता और भाईचारे के नारे लगाते हुए लोगों को राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि “रन फॉर यूनिटी” का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करना तथा युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करना है।
रैली के समापन पर यूनाइटेड स्कूल में छात्रों को सरदार पटेल के जीवन, योगदान और देश के एकीकरण में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में सभी को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई।
