
कौशांबी। कड़ा ब्लॉक के अंतर्गत ग्रामसभा ननमई में स्वच्छता को लेकर लंबे समय से उपेक्षा बरतने वाले ग्राम प्रधान अचानक चर्चा में हैं। दो-दो पंचवर्षीय कार्यकाल बीत जाने के बावजूद जहाँ उन्होंने गाँव में कभी स्वच्छता अभियान की पहल नहीं की, वहीं हाल ही में जिलाधिकारी (डीएम) द्वारा जांच के आदेश जारी होने के बाद उनका रुख अचानक बदल गया।
जांच की सूचना मिलते ही प्रधान को गाँव के दुर्गा माता पंडाल में स्वयं झाड़ू लगाते देखा गया। इस दौरान उन्होंने कई तस्वीरें भी खिंचवाईं और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा किया। ग्रामीणों का कहना है कि यह कदम स्वच्छता के प्रति जागरूकता नहीं, बल्कि जांच से बचने और जनता के बीच अपनी छवि सुधारने की कोशिश मात्र है।
ग्रामवासियों ने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों से गाँव में नालियों की सफाई, कचरा निस्तारण, सड़कों की सफाई और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता जैसी बुनियादी जरूरतों की अनदेखी की गई। अचानक जांच की बात सामने आते ही प्रधान की सक्रियता ग्रामीणों के लिए आश्चर्य का विषय बनी हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि केवल दिखावटी कार्रवाइयों से प्रभावित न होकर वास्तविक स्थिति की जांच की जाए और यदि अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित प्रधान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Author: Kaushambi Sandesh
Contact number 7394947972
