
रास्ते, नाली और सफाई व्यवस्था ठप, सरकारी धन का हो रहा दुरुपयोग का आरोप
कौशांबी। विकास खंड नेवादा के ग्राम सभा तरना अंतर्गत जयंतीपुर गांव में विकास कार्यों की स्थिति बदहाल है। गांव के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गांव में रास्ता, नाली, खड़ंजा और सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार प्रधान से शिकायत करने के बाद भी वह हर बार यही जवाब देता है कि “जब योजना आएगी तभी काम होगा।” लेकिन योजनाएं कब आएंगी और कब काम शुरू होगा, इसका कोई जवाब नहीं है।
जयंतीपुर की हालत इतनी खराब है कि स्कूली बच्चों को कीचड़ और गड्ढों से भरी सड़कें पार कर स्कूल जाना पड़ता है। आए दिन बच्चे रास्ते में गिरते हैं, जिससे उनकी यूनिफॉर्म गंदी हो जाती है और कई बार चोट भी लगती है।
गांव की नालियां जाम हैं, चटिया (नाली की दीवारें) टूटी पड़ी हैं और सफाई न होने के कारण जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार सफाई और नाली मरम्मत के लिए कहा, लेकिन प्रधान और सचिव कोई ध्यान नहीं दे रहे।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव के बीच मिलीभगत है और सरकारी पैसों का बंदरबांट किया जा रहा है। योगी सरकार द्वारा गांवों के विकास, स्वच्छता, शौचालय और सड़क निर्माण के लिए भेजे जा रहे धन का सही उपयोग नहीं हो रहा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जांच की मांग की है और कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो वे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर शिकायत को कितनी जल्दी संज्ञान में लेता है और जयंतीपुर गांव में कब तक विकास की गाड़ी पटरी पर लौटती है।
Author: Kaushambi Sandesh
Contact number 7394947972
