
कोखराज, कौशांबी। थाना क्षेत्र कोखराज के ककोढ़ा हाईवे पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब प्रयागराज से इटावा लौट रही एक चार पहिया आल्टो कार का अचानक टायर फट गया और वह अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे तेज रफ्तार डम्पर से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार सभी पांच लोग प्रयागराज में अपने पिता का इलाज करवाकर वापस लौट रहे थे। टक्कर के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके चलते शवों को बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद लेनी पड़ी।
सूचना मिलते ही कोखराज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। तीन लोगों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने डम्पर को कब्जे में लेकर चालक को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है। हादसे के बाद से मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Author: Kaushambi Sandesh
Contact number 7394947972
